भिंड में यातायात पुलिस ने बुधवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के इंदिरा गांधी चौराहा, सुभाष तिराहा और लहार रोड पर गाड़ियों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान चार पहिया वाहन चालकों के दस्तावेज और बाइक सवारों के हेलमेट की जांच की गई। यातायात सूबेदार गौरी शंकर यादव के नेतृत्व में सुबह 10 बजे में शुरू हुआ चेकिंग अभियान शाम तक चलता रहा। इस दौरान 35 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस अभियान में प्रदीप शर्मा, फिरोज खान और आरक्षक रामलाल गुर्जर भी शामिल थे। 17 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 चालकों से कुल 17,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। जिन बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना और जिन चार पहिया वाहन चालकों के दस्तावेज अधूरे थे, उन्हें मौके पर ही जुर्माने का भुगतान करना पड़ा। पुलिस ने हेलमेट की अनिवार्यता और जरूरी कागजात साथ रखने की हिदायत दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी। सड़क सुरक्षा पर जोर यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि यह अभियान सड़कों पर अनुशासन बनाए रखने और दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से चलाया गया।


