भास्कर न्यूज | धमतरी शहर की बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने यातायात पुलिस लगातार मेहनत कर रही है। बीते 3 महीने में ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 4699 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। अकेले अप्रैल में 1073 चालकों को नियमों का पाठ पढ़ाया गया। जिले में 15 स्थानों को खतरनाक सड़कखंड के रूप में चिन्हित किया है। इनमें रायपुर रोड पर कोड़ेबोड़ से आलेखुटा, कोड़ापार कल्ले मोड़, सांधा चौक कुरूद, संबलपुर क्रासिंग, छाती बस स्टैंड, कोलियारी मछली पसरा, भोयना वनोपज नाका, मथुराडीह मोड़, सियादेही बांस प्लांट, अन्नपूर्णा राईस मील, सुमीत बाजार के पास धमतरी, थाना रूद्री के सामने, सेमरा मोड़, सिहाद मोड़, कोलियारी और देमार शामिल हैं। इन जगहों पर इंटरसेप्टर वाहन से चालानी कार्रवाई की जा रही है। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। सड़क किनारे पसरा लगाने और दुकानों के बाहर सामान फैलाने वाले व्यापारियों को समझाइश दी गई। आदेश न मानने वालों को नोटिस थमाया गया है।


