रांची | डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को रिम्स की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी सहित अन्य विभागों में जाकर वहां की व्यवस्था की जानकारी ली और मरीजों से बात करके उनकी समस्या पूछी। रिम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंच कर उन्होंने वहां भर्ती मरीजों की संख्या, उपलब्ध बेड और इलाज की व्यवस्था पर पूछताछ की। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर के एचओडी डॉ. प्रदीप कुमार भट्टाचार्य को कंट्रोल नंबर के माध्यम से दूर-दराज के मरीजों के लिए उपलब्ध बेड की जानकारी देने के लिए कहा। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी चिकित्सक डॉ. त्राशा को जमशेदपुर और सदर अस्पताल से रेफर मरीजों को जल्द भर्ती करने का निर्देश दिया। दरअसल, दोनों मरीज को लेकर उनके परिजन इंतजार कर रहे थे। वार्डों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने, ब्लड बैंक में उपलब्ध ब्लड की जानकारी देने के लिए सॉफ्टवेयर को अपडेट करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभाग के हेड को कहा कि जल्द ही सभी डिपार्टमेंट के प्रभारियों के साथ बैठक होगी। इससे पहले उपलब्ध संसाधन, ज़रूरत सहित समस्याओं की सूची तैयार करें।


