ट्रोमा सेंटर के लिए श्रीडूंगरगढ़ में आंदोलन:देहात कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप, श्रीडूंगरगढ़ विधायक हर काम में सिर्फ रोड़ा डालते हैं

बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर स्थापित करने की मांग को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए हैं। बुधवार को कस्बे के मुख्य मार्गों पर प्रदर्शनकारी हाथ में सरकार विरोधी तख्तियां लिए नजर आए। कांग्रेस नेताओं ने इस आंदोलन की अगुवाई करते हुए बड़ी संख्या में लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया है। कांग्रेस नेता हरिराम बाना के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने पहले जनआक्रोश सभा की और इसके बाद रैली निकाली। इस दौरान टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जल्द ही ट्रोमा सेंटर का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन उग्र होगा। जिला मुख्यालय को घेरने का काम होगा। उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के बाहर सभा में दानदाता परिवार के तैयार होने के बाद भी स्थानीय राजनीतिक स्वार्थ पूरा करने के लिए निर्माण शुरू नहीं करने पर सवाल खड़े किए। वर्तमान भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत पर जानबूझकर इस निर्माण को अटकाने का आरोप लगाया गया। सभा को देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने भी संबोधित किया। सियाग ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ के विधायक विकास विरोधी विधायक है, हर काम में रोड़े अटकाना ही उनका कार्य बन चुका है। श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर, बीदासर-कालू सड़क का निर्माण, आडसर में चिकित्सालय का निर्माण, श्रीडूंगरगढ़ में सफाई टेंडर, श्रीडूंगरगढ़ में सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीद सहित अनेक मामलों में विधायक ने काम रोकने का प्रयास किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हरिराम बाना ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ विधायक अपने अहंकार में क्षेत्र की जनता के जिंदगियों से खिलवाड़ कर रहे है, दो सालों में ट्रोमा के अभाव में सैंकड़ों नागरिकों ने अपनी जान गंवाई है। ये मौतें नहीं बल्कि नर-बली है, जो श्रीडूंगरगढ़ विधायक के अहंकार ने ले ली। सभा को सिद्ध युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवाननाथ सिद्ध, कांग्रेस सेवादल पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विमल भाटी, पूर्व प्रधान सुरजमल भूंवाल, पूर्व प्रधान भागूराम सहू, पूर्व उपप्रधान केशराराम गोदारा, रीड़ी सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़, एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य आदि ने भी विचार रखे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *