ठंड में छुट्टियों को बनाएं मजेदार, बच्चों को रखें व्यस्त और स्वस्थ

भास्कर न्यूज| लुधियाना सर्दियों की छुट्टियां शुरू हो गई हैं और साथ ही ठंड भी बढ़ गई है। बच्चों को इस समय घर में ही अधिकतर समय बिताना पड़ता है। ऐसे में उनका ध्यान रखना और उन्हें व्यस्त रखना हर माता-पिता के लिए एक चुनौती बन जाता है। छुट्टियों को सिर्फ पढ़ाई तक सीमित रखना सही नहीं होगा। मुंबई की पेरेंटिंग एक्सपर्ट शुभांगी जैन के मुताबिक इस समय बच्चों को नए स्किल्स सिखाने, मनोरंजक गतिविधियों और सेहतमंद दिनचर्या से जोड़ना चाहिए। ठंड में बच्चों के खानपान और शारीरिक गतिविधियों का संतुलन बनाना जरूरी है, ताकि वे स्वस्थ रहें और बोरियत से बचें। बच्चों के साथ बिताया गया यह समय उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने का बेहतरीन मौका है। सर्दियों की छुट्टियों में बच्चों को केवल टीवी या मोबाइल तक सीमित रखना उनकी मानसिक और शारीरिक सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। इस समय बच्चों के लिए खेल, आर्ट और पढ़ाई का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। पेंटिंग, कुकिंग, गार्डनिंग जैसी गतिविधियां बच्चों की क्रिएटिविटी को बढ़ाती हैं और उनके साथ रिश्ते को भी मजबूत करती हैं। बच्चों को सक्रिय रखने के लिए उन्हें बोर्ड गेम्स, म्यूजिक, कहानियां और डांस जैसे मनोरंजन से जोड़ा जा सकता है। इससे उनकी शारीरिक फिटनेस और क्रिएटिविटी दोनों में सुधार होगा। बच्चों के साथ म्यूजिक सुनें और डांस करें। यह न केवल उनके मूड को खुश रखता है, बल्कि शारीरिक गतिविधि के लिए भी बढ़िया है। इसके अलावा छुट्टियों में एक फैमिली ट्रिप या पिकनिक का प्लान करना भी बच्चों के लिए रोमांचक हो सकता है। बच्चों की एक अच्छी दिनचर्या बनाएं, ताकि उनका सोने और खाने का समय नियमित रहे। इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल बच्चों का मानसिक विकास होगा, बल्कि वे शारीरिक रूप से भी स्वस्थ रहेंगे और ठंड में बीमारियों से बचेंगे। खानपान में गर्म और पोषण से भरपूर चीजें शामिल करें सर्दियों की छुट्टियों में बच्चों की सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। ठंड के मौसम में बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं और उन्हें ज्यादा देर तक ठंडे माहौल में न रहने दें। ठंड में बच्चों का इम्यून सिस्टम कमजोर हो सकता है, इसलिए उनके खानपान में गर्म और पोषण से भरपूर चीजें जैसे सूप, दलिया, ड्राई फ्रूट्स और मौसमी फलों को शामिल करें। बच्चों को नियमित रूप से हल्के व्यायाम या योग कराएं, ताकि उनकी इम्युनिटी मजबूत रहे। गर्म पानी से नहलाएं और उनके लिए शरीर को गर्म रखने वाले तेल से मालिश करें। ठंड में बच्चों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहें, ताकि उन्हें सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं से बचाया जा सके। बच्चों को जंक फूड अवॉयड करवाएं। उनके खाने में हेल्दी फूड को शामिल कर इम्युनिटी बढ़ाने में मदद मिलेगी। बच्चों को साथ में कुकिंग भी करवाएं, यह भी उनके लिए मजेदार एक्सपीरियंस होता है। छुट्टियों में बच्चों की दिनचर्या में नियमितता बनाए रखें, जिससे उनकी नींद और खाने-पीने का समय बिगड़े नहीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *