उत्तर भारत की सर्द के प्रभाव से ठिठुर रहे सतना में स्कूली बच्चों को प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। सतना जिले के सरकारी – गैर सरकारी स्कूलों के समय मे बदलाव कर दिया गया है। सतना कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुराग वर्मा ने बढ़ती ठंड के मद्देनजर सतना जिले के सभी सरकारी-गैर सरकारी ( निजी ) स्कूलों के समय मे परिवर्तन कर दिया है। डीएम ने इस संबंध में गुरुवार को आदेश भी जारी कर दिए है। आदेश के अनुसार शीत ऋतु के प्रभाव से तापमान में गिरावट होने के कारण छात्र – छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसे दृष्टिगत रखते हुए सतना जिले के सभी शासकीय – अशासकीय विद्यालयों की नर्सरी कक्षा से 8वीं कक्षा तक के संचालन का समय परिवर्तित कर सुबह 9 बजे से किया गया है। यह आदेश केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय व एमपी बोर्ड ,आईसीएसई एवं सीबीएसई बोर्ड से संचालित विद्यालयों पर भी तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगा। डीएम ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी शाला का सुबह 9 बजे से पूर्व संचालन प्रतिबंधित रहेगा।


