प्रदेश सरकार नके उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। इसमें ठगी की शिकार महिलाएं उनका घेराव कर उन पर कार्रवाई करने का दबाव डाल रही हैं। इस पर मंत्री ने आपा खो दिया। महिलाओं को धमकाते हुए मंत्री यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि ज्यादा हेकड़ी दिखाओगे तो पुलिस से फिंकवा देंगे। इस पर महिलाएं आक्रोशित हो गईं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस ने सरकार के सुशासन के दावे पर तंज कसा है। बता दें कि रविवार को मंत्री देवांगन और मंत्री रामविचार नेता कोरबा के दौरे पर थे। वहां फ्लोरा मैक्स कंपनी से ठगी का शिकार महिलाओं न उनका घेराव कर दिया था। ये महिलाएं गिरफ्तार लोगों की संपत्ति की नीलामी करवाकर लोन चुकाने या उनका लोन माफ करने की मांग कर रही थीं। इस दौरान मंत्री लखनलाल भी महिलाओं पर भड़कते हुए नजर आए। कांग्रेस बोली- पीड़िताओं को धमकी क्या यही है सुशासन? कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने वीडियो को लेकर कहा कि यही है प्रदेश सरकार का सुशासन, जहां मंत्री पीड़ित महिलाओं को धमकाते हैं। पुलिस बुलाकर उठवा लेने की न सिर्फ धौंस दी, बल्कि उन पर झूठी एफआईआर भी दर्ज करा दी। यह सत्ता का दुरुपयोग है। कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़ी निंदा करती है। इस मामले में सीएम मंत्री लखनलाल को तत्काल बर्खास्त करें। एफआईआर दर्ज करने वाले पुलिस अफसरों को भी बर्खास्त करने का निर्देश देंं।


