भास्कर न्यूज | लुधियाना चंदर नगर स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर सिद्ध पीठ शाखा में होली का पावन पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री राधा गोविंद संकीर्तन मंडल सेवक सिद्ध पीठ द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के दौरान पूरा मंदिर परिसर राधे-राधे के जयघोष और अबीर-गुलाल की खुशबू से महक उठा। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पं. सरोज मिश्रा द्वारा ठाकुर जी की विशेष पूजा-अर्चना और वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात संकीर्तन की महफिल सजी, जिसमें गायक केशव जोशी और विशाल अरोड़ा ने अपनी मधुर आवाज में होली के पारंपरिक भजनों की झड़ी लगा दी। मैं तो तुम संग होली खेलूंगी और आज बिरज में होरी रे रसिया जैसे कर्णप्रिय भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। समारोह के समापन पर ठाकुर जी को छप्पन भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस पावन अवसर पर माधव कालड़ा, राहुल बस्सी, विशाल वशिष्ठ, शुभम ढल, सतीश वशिष्ठ, दिलप्रीत कालरा, राजीव खोसला और मनीष वशिष्ठ सहित भारी संख्या में सेवादार और श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंडल द्वारा जानकारी दी गई कि होली के उपलक्ष्य में अगला विशेष संकीर्तन 4 मार्च दिन बुधवार को कुंदन पुरी उपकार नगर दशहरा ग्राउंड के पास आयोजित होगा, जिसका समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा। संकीर्तन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु।


