दौसा जिले के बालाहेडी कस्बे में ठेले वाले से विवाद के बाद हिस्ट्रीशीटर ने हवाई फायरिंग कर दी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक हाथ में देसी कट्टा लेकर सड़क के बीच खड़ा है। वहीं मौजूद लोगों में दहशत का माहौल दिख रहा है। सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही हिस्ट्रीशीटर मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। थाना इंचार्ज हनुमान सहाय ने बताया कि बालाहेडी पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर महेश मीणा निवासी ग्वारकी कस्बे में सब्जी के ठेले पर सामान लेने पहुंचा था। इस दौरान ठेला संचालक से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। जिसके बाद उसने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक वह फरार हो गया। घटनाक्रम को लेकर जानकारी जुटा जा रही है। आरोपी की तलाश में अलग-अलग टीम क्षेत्र में दबिश देकर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं। इलाके में दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


