डंडाली गांव में डिग्गी में डूबने से युवती की मौत:डिग्गी पर पानी भरते दौरान पैर फिसला, बालोतरा तैराक टीम ने देर रात बाहर निकाला शव

बालोतरा जिले के सिणधरी उपखंड क्षेत्र के डंडाली गांव में रविवार देर शाम एक युवती की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, डंडाली निवासी भागवती(20) पुत्री चूनाराम मेघवाल रविवार शाम करीब 7 बजे खेत में स्थित पानी की डिग्गी पर पानी भरने गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गई। डिग्गी में पानी अधिक गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा और गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो पाए। घटना की सूचना मिलने पर बालोतरा से तैराक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रात के समय ठंडे पानी, सीमित रोशनी और अधिक गहराई के बावजूद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 11 बजे युवती के शव को डिग्गी से बाहर निकाला गया। इस अभियान में राजस्थान होमगार्ड के जवान गौतम गहलोत, सिविल डिफेंस के जनक माली और स्थानीय तैराक गोपाल माली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मृतका के शव को सिणधरी सीएससी की मॅार्च्यूरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी की डिग्गियों के आसपास सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *