नेटफ्लिक्स की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘डब्बा कार्टल’ में जयपुर से एक्टिंग की शुरुआत करने वाले भूपेन्द्र सिंह जाड़ावत अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस वेब सीरीज में दिग्गज अभिनेत्री शबाना आज़मी, शालिनी पांडे और गजराज राव भी प्रमुख भूमिकाओं में होंगे। ‘डब्बा कार्टल’ का निर्देशन हितेश भाटिया ने किया है और इसे एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। शो का ट्रेलर 18 फरवरी को रिलीज किया जा चुका है और यह वेब सीरीज 26 फरवरी से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। फार्मा कंपनी के मैनेजर की भूमिका में दिखेंगे भूपेन्द्र कोटा के रहने वाले भूपेन्द्र सिंह जाड़ावत इस शो में एक फार्मा कंपनी के मैनेजर की भूमिका में नजर आएंगे। अपने अभिनय कौशल से वे इस किरदार में एक नई जान डालने को तैयार हैं। भूपेन्द्र इससे पहले ‘क्लास ऑफ 83’, ‘इत्तू सी बात’, ‘मॉर्डन लव मुम्बई’, ‘आर्या 3’ जैसी चर्चित वेब सीरीज और फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा वे 50 से अधिक विज्ञापनों में भी नजर आ चुके हैं। भूपेन्द्र जाड़ावत की अपकमिंग प्रोजेक्ट्स फिलहाल, भूपेन्द्र दो बड़े प्रोजेक्ट्स की शूटिंग में व्यस्त हैं। वे संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग मुंबई फिल्म सिटी में कर रहे हैं। इसके साथ ही वे नागराज मंजुले की अमेजन प्राइम वेब सीरीज ‘मटका किंग’ की शूटिंग मुंबई के निकट कर रहे हैं। भूपेन्द्र सिंह जाड़ावत का नाम थिएटर जगत में भी जाना जाता है। वे राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के पूर्व छात्र रहे हैं और वहां से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उनके पिता महिपाल सिंह जाड़ावत एक अध्यापक हैं और माता शाकुंतला जाड़ावत गृहिणी हैं।


