डल्लेवाल के समर्थन में जुटे किसान:फरीदकोट में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, जगजीत सिंह से अपील- मरण व्रत छोड़कर संघर्ष करें

फरीदकोट के मिनी सचिवालय में डीसी दफ्तर के समक्ष संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के समर्थन में केंद्र सरकार खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर जहां केंद्र सरकार के अड़ियल रवैए की आलोचना की गई, वहीं डल्लेवाल से भी आमरण अनशन त्याग कर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया। इस प्रदर्शन में पहली बार भाकियू उग्राहां भी एसकेएम के संगठनों के साथ ही शामिल हुई। इस मौके पर कौमी किसान यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष बिंदर सिंह गोलेवाला और भारतीय किसान यूनियन उग्राहां के जिलाध्यक्ष जसपाल सिंह नंगल ने कहा कि जगजीत सिंह डल्लेवाल द्वारा किसानों की मांगों को लेकर मरण व्रत किया जा रहा है, वे उनका समर्थन करते हैं लेकिन उनकी मांग है कि डल्लेवाल अपना अनशन छोड़कर किसानों की मांगों के लिए सभी संगठनों के साथ मिलकर संघर्ष करें। सभी संगठनों की मांग एक है इसलिए सभी को मिलकर लड़ना चाहिए ताकि जीत हासिल हो सके। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा लगातार गैर राजनीतिक ग्रुप तक पहुंच बना रहा है, लेकिन उन्हें मंच पर समय नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते ही लोगों द्वारा उनके खिलाफ गलत प्रचार किया जा रहा है, लेकिन संयुक्त किसान मोर्चा लगातार किसानों के संघर्ष में उनके साथ खड़ा है और निकट भविष्य में कोई बड़ा एक्शन किया जाएगा। पहले चरण में डल्लेवाल के पक्ष में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को चेतावनी दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *