भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व कांग्रेसी नेता डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता से किए कई वादे अब तक पूरे नहीं किए हैं और लोग झूठे आश्वासनों व डर की राजनीति से तंग आ चुके हैं। उन्होंने यह तंज मोगा में आयोजित आप की रैली के बाद किया है। हालांकि डॉ. सिद्धू अपनी हर पोस्ट को भाजपा, गृहमंत्री अमित शाह और अब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को टैग कर भाजपा के लिए प्रति अपने झुकाव का प्रमाण देने की कोशिश कर रही है। राजनीतिक माहिर इस टैगिंग को डॉ. सिद्धू के भाजपा में शामिल होने के संकेत के रूप में भी देख रहे हैं। डॉ. सिद्धू ने कहा कि सरकारों को 6-6 वर्ष पहले किए गए वादों का आत्ममंथन करना चाहिए और यह बताना चाहिए कि उनमें से कितने वादे जमीनी स्तर पर पूरे हुए। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक है और केवल घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि ठोस कार्य और परिणाम चाहती है। अपने बयान में सिख आस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता और पद सेवा के लिए होते हैं, न कि व्यक्तिगत लाभ के लिए। गुरुओं की शिक्षाओं का हवाला देते हुए उन्होंने सत्य और पारदर्शिता के मार्ग पर चलने की अपील की। डॉ. सिद्धू ने यह भी कहा कि पंजाब और पंजाबी समाज के संसाधनों का दुरुपयोग करना नैतिक रूप से गलत है। उधर, डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को जब से कांग्रेस पार्टी ने निष्कासित किया है, वह लगातार कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी के अलावा पंजाब की आम आदमी पार्टी को अपने निशाने पर लिए हुए हैं। पार्टी से निष्कासित होने के बाद अपनी पोस्टों को वह भारतीय जनता पार्टी, गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को टैग कर रही है। ताकि वह इन नेताओं के अलावा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर सके। नवजोत सिंह सिद्धू और डॉ. नवजोत कौर सिद्धू दोनों ही बेबाक बयानबाजी करते हैं, यही कारण है कि मौजूदा हालात में जहां कांग्रेस पार्टी ने सिद्दू दंपति से पल्ला झाड़ लिया है, तो भाजपा उन्हें पार्टी में शामिल करने से पहले काफी सोच-विचार कर रही है।


