डिंडौरी के अस्पताल कॉलोनी में रिटायर्ड कर्मचारियों का कब्जा:नए कर्मचारियों को घर आवंटित करने में हो रही देरी, सीएमएचओ ने एसडीएम को लिखा पत्र

डिंडोरी के जिला अस्पताल की आवासीय कॉलोनी में रिटायर्ड अधिकारी और कर्मचारी अब तक आवास खाली नहीं कर रहे हैं। सीएमएचओ कार्यालय की ओर से कई बार नोटिस जारी किया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इनमें से एक डॉक्टर देवेंद्र मरकाम, जो पीएससी के सदस्य भी रह चुके हैं, पिछले 6 साल से आवास पर कब्जा किए हुए हैं। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ ने एसडीएम कार्यालय को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टर देवेंद्र मरकाम का मामला डॉ. देवेंद्र मरकाम 2020 में पीएससी सदस्य बनने के लिए स्वास्थ्य विभाग से इस्तीफा दे चुके हैं, लेकिन अब तक अस्पताल कॉलोनी का आवास खाली नहीं किया। इस बारे में डॉ. मरकाम का कहना है कि शासन के नियमों का पालन सभी को करना चाहिए। उनका कुछ विभागीय काम बाकी था, जिसके कारण आवास खाली नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि प्राइवेट मकान देख लिया है और जल्द ही सरकारी आवास खाली कर देंगे। रिटायर्ड स्टाफ की स्थिति: अन्य रिटायर्ड कर्मचारियों में नर्स अनीता शुक्ला, जो 30 जून 2024 को रिटायर हुई, अब तक आवास खाली नहीं कर सकी हैं। फार्मासिस्ट अभिलाषा मरकाम वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शाहपुर में सेवाएं दे रही हैं, जबकि फार्मासिस्ट ज्योति धुर्वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विक्रमपुर में पदस्थ हैं। ब्लॉक एक्सटेंशन एजेंट तिहैया मालवे भी विक्रमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत हैं। नोटिस जारी लेकिन कोई असर नहीं सीएमएचओ कार्यालय से इन लोगों को जनवरी 2020, जनवरी 2023, जनवरी 2024 और सितंबर 2024 में आवास खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद आवास खाली नहीं किए गए हैं। इस बीच, अस्पताल में कार्यरत लगभग 15-16 कर्मचारी आवास के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं। सीएमएचओ और एसडीएम का बयान सीएमएचओ डॉ. रमेश मरावी ने बताया कि अस्पताल कॉलोनी के आवासों पर अवैध कब्जा करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार नोटिस दिया गया है। इसके बाद भी आवास खाली नहीं किए गए, जिसके चलते एक सप्ताह पहले एसडीएम कार्यालय को पत्र लिखकर कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। वहीं एसडीएम रामबाबू देवांगन ने कहा कि सीएमएचओ की ओर से भेजे गए पत्र की जांच करवाई जा रही है और जल्द ही कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *