डिंडौरी शहपुरा जनपद पंचायत की संग्रामपुर ग्राम पंचायत में उपसरपंच हीरा लाल झरिया के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग को लेकर सरपंच नान सिंह मार्को पंचों के साथ एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा से मिलने पहुंचे। उपसरपंच पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप है, जबकि उपसरपंच ने इसे भ्रष्टाचार रोकने की कोशिश बताया। सरपंच नान सिंह मार्को ने बताया कि गांव में 15वें और 5वें वित्त की राशि से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उपसरपंच इन कार्यों में लगातार अड़ंगा डाल रहे हैं और पंचों को गुमराह करते हैं। वे अधिकारियों के पास जाकर झूठी शिकायतें भी करते हैं। मार्को के अनुसार, इसी कारण 14 पंचों ने गांव के विकास कार्यों के समर्थन में उपसरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग की है। उनका कहना है कि उपसरपंच की वजह से विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। दूसरी ओर, उपसरपंच हीरा लाल झरिया ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में सरपंच और सचिव मिलकर पंचों को जानकारी दिए बिना फर्जी तरीके से 15वें और 5वें वित्त की राशि का गलत एस्टीमेट बनाकर प्रस्ताव पारित कर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मजदूरी भुगतान की बजाय केवल मटेरियल का भुगतान किया जा रहा है। झरिया ने दावा किया कि आज जो पंच उनके साथ खड़े थे, उन्हें सरपंच ने लालच देकर अपनी तरफ कर लिया है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायत कर इन मामलों की जांच की मांग की है।


