डिडवार में नए पोलिंग बूथ को लेकर ग्रामीणों का विरोध:घनाकापुरा में ही बूथ रखने की मांग, निष्पक्ष चुनाव पर जताई चिंता

धौलपुर जिले के ग्राम पंचायत डिडवार में प्रस्तावित नए पोलिंग बूथ को लेकर ग्रामीणों में रोष है। डिडवार पंचायत के ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि पोलिंग बूथ को घनाकापुरा में ही यथावत रखा जाए। ज्ञापन में कसियापुरा, काटरपुरा, डरुआपुरा-1, डरुआपुरा-2, लायकपुरा, कारेकी पोखरिया, तालपुरा और तेजसिंह का पुरा सहित डिडवार पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांवों के ग्रामीणों ने बताया कि डिडवार में वर्तमान में कोई उपयुक्त राजकीय भवन उपलब्ध नहीं है। उनका कहना है कि यदि किसी निजी भवन में पोलिंग बूथ बनाया जाता है, तो निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संभव नहीं हो पाएगा। मतदान के दौरान विवाद और तनाव होने का डर
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डिडवार में कुछ उच्च जाति के लोगों द्वारा दबाव बनाए जाने की संभावना है, जिससे मतदान के दौरान विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने का खतरा है। इसी कारण ग्रामीणों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि वे स्वयं मौके पर जाकर प्रस्तावित पोलिंग बूथ का भौतिक निरीक्षण करें। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि घनाकापुरा में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पोलिंग बूथ के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से उपलब्ध हैं। विद्यालय मुख्य सड़क पर स्थित होने के कारण मतदाताओं के आवागमन में भी कोई परेशानी नहीं होगी। ग्रामीणों के अनुसार, डिडवार से संबंधित कई गांवों की दूरी 10 से 15 किलोमीटर तक है और मार्ग भी सुगम नहीं है, जबकि घनाकापुरा पोलिंग बूथ से सभी गांवों की दूरी मात्र 4 से 5 किलोमीटर के दायरे में है। ग्रामीणों ने राजनीतिक स्वार्थ का लगाया आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ ही लोग राजनीतिक स्वार्थ के चलते पोलिंग बूथ को स्थानांतरित कराने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि अधिकांश ग्रामीण घनाकापुरा में ही पोलिंग बूथ बनाए रखने के पक्ष में हैं।
ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचन आयोग धौलपुर तथा पंचायती राज विभाग मंत्री, राजस्थान सरकार से भी निष्पक्ष निर्णय लेने की गुहार लगाई है। ज्ञापन सौंपने वालों में श्यामसुंदर, हरिसिंह, थानासह, सुशीलाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *