सोनहत | भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य संदीप साहू ने दो दिवसीय रायपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट कर सोनहत क्षेत्र की समस्याओं व मांगों को प्रमुखता से रखा। साहू ने मुख्यमंत्री से एसईसीएल कटगोड़ी खदान से प्राप्त खनिज रॉयल्टी की राशि खनन प्रभावित ग्रामों के विकास कार्यों में प्राथमिकता से खर्च करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खनन से प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उपमुख्यमंत्री अरुण साव से भेंट के दौरान क्षेत्र की पेयजल समस्या को गंभीरता से उठाया और जल्द समाधान के निर्देश देने का निवेदन किया। साहू ने संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से कटगोड़ी घाट में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए पहल करने का अनुरोध किया, जिससे धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ सकें। संदीप साहू ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन में क्षेत्र की सभी जनहितकारी मांगों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।


