उदयपुर के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में रोड एक्सीडेंट में बुधवार को एक कांस्टेबल की मौत हो गई। जबकि अन्य तीन घायल हो गए। मृतक कांस्टेबल प्रवीण मीणा सलूंबर जिले के सराड़ा थाने में तैनात था। वह अपनी निजी कार से तीन व्यक्तियों के साथ ऋषभदेव स्थित पीपली गांव में स्थायी वारंटी की तलाश के लिए जा रहा था। तभी ये हादसा हो गया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिसे पुलिस ने थाने लाकर खड़ा किया। डीएसपी चांदमल सिंगारिया ने बताया कि हादसा नेशनल हाईवे-48 पर राजस्थान स्पिनिंग विलिंग मिल(RSWM) के पास हुआ। जब कांस्टेबल स्थायी वारंटी की तलाशी को लेकर जा रहे थे। तभी डिवाइडर पर अचानक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत ऋषभदेव हॉस्पिटल भर्ती कराया गया। जहां जांच में पता लगा था कि घायलों में एक कांस्टेबल भी है। इलाज के दौरान डॉक्टर ने कांस्टेबल प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। बाकी अन्य तीन व्यक्तियों का इलाज जारी है। 10 फरवरी को हुई थी शादी
मृतक कांस्टेबल ऋषभदेव थाना क्षेत्र में भूधर निवासी है। इनकी शादी पिछले माह 10 फरवरी को हुई थी। हादसे की सूचना जैसे ही घर तक पहुंची तो मातम पसर गया। परिवार में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, ऋषभदेव हॉस्पिटल में मृतक के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। परिजनों को शव सुपुर्द करने के बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।


