डिवाइडर से टकराकर कंटेनर में लगी आग, ड्राइवर जिंदा जला:ब्यावर-पाली मार्ग पर लालपुरा घाटी में हुआ हादसा, सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से भी हुई भिड़ंत

ब्यावर में NH-25 पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर मोड़ पर डिवाइडर से टकरा गया। ट्रेलर का पिछला हिस्सा टूटकर अलग हो गया और कंटेनर समेत पलट गया। ट्रेलर का केबिन घिसटता हुआ लगभग 100 मीटर तक गया और सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। केबिन में फंसे होने के कारण ड्राइवर बाहर नहीं निकल पाया और जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई। यह हादसा ब्यावर-पाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामलालपुरा घाटी में बुधवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। सेंदड़ा थाना प्रभारी रामकिशन ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम भी तुरंत पहुंच गई और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक केबिन में फंसे ड्राइवर की जलकर मौत हो चुकी थी। शव को ब्यावर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (GJ 12BX 2366) ब्यावर से बर की ओर जा रहा था। रामलालपुरा घाटी में मोड़ पर ट्रेलर डिवाइडर से टकरा गया। ट्रेलर के पीछे कंटेनर रखा हुआ था। हादसा इतना भीषण था कि पीछे का हिस्सा टूटकर अलग हो गया और कंटेनर समेत हाईवे पर पलट गया। वहीं केबिन घिसटता हुआ करीब 100 मीटर दूर तक चला गया। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे होने के कारण ड्राइवर बाहर नहीं निकल पाया। सामने से आ रहे ट्रेलर को देखकर ड्राइवर ने बचने की कोशिश भी की, लेकिन पीछे के हिस्से से टक्कर हो गई। घिसटने से निकली चिंगारी से केबिन में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि केबिन में आग लगने के बाद ड्राइवर को बाहर निकालने की कोशिश की गई। कुछ लोगों ने रस्सी भी फेंकी, लेकिन आग तेज होने के कारण कोई पास नहीं जा सका। दमकल ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक ड्राइवर की जलकर मौत हो चुकी थी। सेंदड़ा थाना प्रभारी रामकिशन ने बताया कि फिलहाल ड्राइवर की पहचान नहीं हो पाई है। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। हाईवे से कंटेनर को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारू किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *