जिले में जलदाय विभाग (पीएचईडी) और डिस्कॉम के बीच तालमेल में कमी का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। डिस्कॉम की अनदेखी के चलते चौहटन और नगरखंड बाड़मेर की करीब 19 जल योजनाएं पूरी तरह से बंद पड़ी हैं। कहीं डिमांड राशि जमा होने के बावजूद कनेक्शन नहीं दिए जा रहे, तो कहीं जले हुए ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने में डिस्कॉम के अधिकारी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। आलम यह है कि सीएम बजट घोषणा में स्वीकृत ट्यूबवेल पर मशीनरी लगने के बाद भी बिजली के अभाव में शो-पीस बने हुए हैं। पीएचईडी चौहटन खंड के अधीन आने वाले फागलिया, धनाऊ और चौहटन सब-डिवीजन में स्थिति बदतर बनी हुई है। पीएचईडी चौहटन खंड में डिमांड राशि जमा करवाने के 7-8 महीने बाद भी डिस्कॉम की ओर से ट्यूबवेल पर कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं। पीएचईडी ने 5 मई 2025 से लेकर 2 फरवरी 2026 तक बार-बार रिमाइंडर पत्र लिखे जाने के बावजूद डिस्कॉम की नींद नहीं टूट रही है। तो कई ट्यूबवेल ऐसे भी हैं जहां ट्रांसफार्मर जलने के बाद से उन्हें बदला नहीं गया। ऐसे में डिस्कॉम की लापरवाही से 10 हजार से अधिक ग्रामीण पीने के पानी को तरस रहे हैं। पीएचईडी चौहटन खंड में डिस्कॉम ने जारी नहीं किए बिजली कनेक्शन, बंद पड़े हैं पीएचईडी के ट्यूबवेल पीएचईडी की ओर से डिस्कॉम में डिमांड राशि जमा कराने के बाद कई बार पत्र लिखे गए, लेकिन डिस्कॉम ने सुध नहीं ली। इनमें ओपनवेल भीलों का तला रमजान की गफन, अकलू की ढाणी जामगढ़ रमजान की गफन, नाथू की ढाणी रमजान की गफन, निहाल नाड़ी, लवानी पाड़ा रमजान की गफन तथा बिंजाराम भील की ढाणी समाधि स्थल घोनिया में बिजली कनेक्शन जारी नहीं किए। सीएम बजट के धनाऊ में कोलियों की बस्ती जानपालिया, मानकराम गर्ग की ढाणी, सामाराम कोली की ढाणी तालसर, पिथोरा मंदिर के पास इटादा धनाऊ तथा चौहटन में सुजानसिंह की ढाणी देदूसर व फागलिया में राजपूतों का पाड़ा साता में खुदे ट्यूबवेल पर कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे। वहीं दूसरी ओर पोकरासर ग्राम पंचायत के भीलों की ढाणी ओपनवेल, हिमताणी मेघवालों की ढाणी ट्यूबवेल, सणाऊ के डूगरपुरा में कमलसिंह की ढाणी ओपनवेल पर ट्रांसफार्मर जलने के तीन महीने बाद भी नहीं बदले जा रहे हैं। नगरखंड बाड़मेर के ग्रामीण क्षेत्र में कनेक्शन जारी नहीं कर रहा डिस्कॉम पीएचईडी नगरखंड बाड़मेर के मातासर में ओपनवेल खुदे दो साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन डिस्कॉम की ओर से कनेक्शन जारी नहीं किया गया। वहीं आसुओं की ढाणी सांजटा, जयचंदों की ढाणी सर का पार, राणीगांव में भी डिमांड राशि जमा कराए एक साल से अधिक समय होने के बाद भी अब तक डिस्कॉम ने बिजली कनेक्शन जारी नहीं किए। वहीं दूसरी ओर डिस्कॉम की ओर से नागाणा में ट्यूबवेल नं. 30 के ठीक ऊपर से एलटी लाइन खींच रखी है। ट्यूबवेल की मोटर जल चुकी है, लेकिन अब नई मोटर डालने व पुरानी को निकालना भी मुश्किल बना हुआ है। ऐसे में ट्यूबवेल बंद है। इन सब के चलते करीब साढ़े तीन हजार की आबादी की जलापूर्ति बाधित हो रखी है। “डिमांड राशि जमा कराने के बावजूद भी ट्यूबवेल व ओपनवेल पर डिस्कॉम की ओर से बिजली कनेक्शन नहीं किए जा रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अधिकारियों की ओर से फागलिया, सेड़वा व चौहटन सब-डिवीजन को पत्र भी लिखे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।”
-कमलेश कुमार, एक्सईएन, चौहटन खंड पीएचईडी।


