डीआरजी जवान शहीद, बीजापुर में दी अंतिम सलामी

भास्कर न्यूज | बीजापुर जिले के गंगालूर इलाके में एक दिन पहले हुई मुठभेड़ में जवानों ने 26 नक्सलियों को मार गिराया था। इस मुठभेड़ में डीआरजी जवान राजू ओयाम वीरगति को प्राप्त हुए। शुक्रवार को शहीद राजू ओयाम के पार्थिव शरीर को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में ससम्मान अंतिम सलामी दी गई। इस अवसर पर सीआरपीएफ और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं शहीद के परिजन मौजूद रहे। शहीद राजू ओयाम बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के बोगड़ा गांव के निवासी थे। उन्होंने पांच साल पहले ही फोर्स जॉइन की थी। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में राजू ओयाम ने बहादुरी से मुकाबला किया, इसी दौरान उन्हें सीने में गोली लगी, जिससे वे शहीद हो गए। गौरतलब है कि एक साल पहले क्रॉस फायरिंग में उनके भाई की भी मौत हो गई थी। उनका परिवार लंबे समय से नक्सली हिंसा से पीड़ित था, जिसके बाद राजू ने फोर्स जॉइन करने का फैसला लिया था। राजू के परिवार ने एक साल के भीतर नक्सली हिंसा में अपने दो बेटों को खो दिया। सुकमा | सीआरपीएफ 217वीं वाहिनी ने गुरुवार को अपना 15वां स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय कोंटा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में कमांडेंट विजय शंकर और अन्य सभी रैंकों के कर्मियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और क्वार्टर गार्ड पर सेरिमोनियल गार्ड द्वारा सलामी दी गई। वाहिनी के इतिहास और उपलब्धियों और जवानों को तनाव मुक्त रहने, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार के महत्व पर बताया गया । इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी अरविंद पी. आनंद, द्वितीय कमान अधिकारी नीर सिंह मीणा, उप कमांडेंट सौरभ कुमार सिंह, डी. सहा0 कमांडेंट राजा इलपरिथी, सहायक कमांडेंट क्लारेंस एवं वाहिनी के अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *