टाइगर हिल स्थित मानधाता बालाजीस्थल पर प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों को लेकर रामगढ़ विषधारी अभयारण्य के डीएफओ अरुणकुमार डी के साथ प्रतिनिधिमंडल ने कामकाजी संभावना का अवलोकन किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से बालाजीस्थल के सौंदर्यीकरण के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद डीएफओ और प्रतिनिधिमंडल के बीच स्थल के विकास को लेकर विमर्श हुआ। ऊबड़-खाबड़ रास्ते को सही करने और सीढ़ियों के जीर्णोद्धार पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के लिए वन विभाग से स्वीकृति भी मिल चुकी है। रास्ता सही होने और सीढ़ियों के जीर्णोद्धार से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। टाइगर हिल स्थल तक पहुंचने में रास्ता ऊबड़-खाबड़ होने से दिक्कत आती है। सीढ़ियों की कमी से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशान होना पड़ता है। मानसून में फिसलन और पत्थरों के खिसकने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऊबड़खाबड़ रास्ता सही करने और व्यवस्थित सीढ़ियां बनने से राह सुगम हो जाएगी। रेलिंग और समतल निर्माण होने पर श्रद्धालु भी बढ़ सकेंगे। इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सुविधा और सुरक्षा बढ़ने से परिवारों के साथ दर्शनार्थियों को सकारात्मक अनुभव मिलेगा। धार्मिक आस्था और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। बूंदी. मानधाता बालाजी स्थल पर निरीक्षण करते डीएफओ व भाजपा नेता। आढ़तिया संघ लगाएगा वाटर कूलर : श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आढ़तिया संघ की ओर से स्थल पर वाटर कूलर लगाया जाएगा। इस दौरान भाजपा नेता भरत शर्मा, पूर्व सभापति महावीर मोदी, भाजपा शहर अध्यक्ष राजकुमार शृंगी, मंडल प्रतिनिधि अशोक शर्मा, प्रवक्ता अभिषेक जैन, पूर्व पार्षद गौरव वर्मा, कालू कटारा, वानर सेना जिलाध्यक्ष स्वप्नेश शर्मा, चेतन पंचोली, नवदीप नायक साथ रहे।


