डीएवी स्कूल शिफ्ट होगा, पेयजल संकट दूर करने एक सप्ताह की डेडलाइन तय

भास्कर न्यूज | चिरमिरी डीएवी स्कूल के बच्चों के भविष्य को लेकर पालकों की चिंता दूर करने और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गुरुवार को चिरमिरी के कई इलाकों का दौरा किया। श्यामली रेस्ट हाउस में बैठक कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। गुरुवार दोपहर मंत्री जायसवाल ने गोदरीपारा स्थित उड़िया स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल भवन और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके बाद गोदरीपारा के प्राथमिक कन्या स्कूल की स्थिति का जायजा लिया। फिर बरतुंगा के डीएवी और लाहिड़ी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी संभावनाएं देखी गईं। डीएवी स्कूल के स्थानांतरण को लेकर मंत्री डीएवी बरतुंगा पहुंचे। चर्चा के बाद तय हुआ कि ओपन कास्ट माइंस के पास चल रही एलकेजी, यूकेजी, पहली और दूसरी कक्षा को अगले शिक्षा सत्र से विवेकानंद भवन के पास एसईसीएल के पुराने स्कूल भवन में शिफ्ट किया जाएगा। यह निर्णय पालकों, डीएवी प्रबंधन, एसईसीएल, कलेक्टर, डीएफओ और स्थानीय लोगों की संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक में महापौर, सभापति, आयुक्त आरपी आंचला, तहसीलदार शशि शेखर मिश्रा, इंजीनियर के अधिकारी उपस्थित रहे। एक हफ्ते की डेडलाइन के साथ पेयजल समस्या का समाधान करने पीएचई विभाग को बोरिंग की जिम्मेदारी दी। नगर उत्थान के लिए मिले 15 करोड़ रुपए के कार्यों की जानकारी ली गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *