डीग पुलिस ने 250 गुमशुदा मोबाइल फोन किए बरामद:CEIR पोर्टल के उपयोग से बरामद कर मालिकों को सौंपे

डीग पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए अब तक 250 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन फोनों को उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा ने शुक्रवार को बताया कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपराध नियंत्रण और आमजन की सहायता को प्राथमिकता दी जा रही है। CEIR पोर्टल की मदद से चोरी हुए या खोए हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करना अब अधिक आसान और तेज हो गया है। एसपी मीणा ने बताया कि जिले में मोबाइल गुम होने की शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस तुरंत CEIR पोर्टल पर संबंधित मोबाइल की जानकारी अपलोड करती है। जैसे ही मोबाइल किसी नेटवर्क पर सक्रिय होता है, उसकी लोकेशन और अन्य तकनीकी विवरण के आधार पर उसे ट्रेस कर लिया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद कर नागरिकों को लौटाए गए हैं। एसपी मीणा ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए, तो वे तुरंत नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी शिकायत अवश्य करें। इससे मोबाइल की बरामदगी की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने डीग पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने इसे तकनीक के सकारात्मक उपयोग का एक बेहतरीन उदाहरण बताया। डीग पुलिस की यह पहल नागरिकों का भरोसा बढ़ाने के साथ-साथ डिजिटल भारत की दिशा में एक मजबूत कदम भी मानी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *