डीग में महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने मंगलवार को शहर में व्यापक गश्त अभियान चलाया। नीली वर्दी में स्कूटी पर सवार महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय उपस्थिति से बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मनचलों में हड़कंप मच गया। एएसपी अकलेश कुमार के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सुबह शहर की सड़कों पर निकली। मुख्य बाजारों, नीलकंठेश्वर क्षेत्र, घंटाघर, लोहामंडी सहित प्रमुख मार्गों पर गश्त करते हुए टीम ने महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा का संदेश दिया। इस पहल ने आमजन का ध्यान भी आकर्षित किया। हेल्पलाइन नंबर 1090 की जानकारी भी दी
अभियान के तहत, नई सड़क स्थित गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में महिला शिक्षकों को राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड कराया गया। उन्हें टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1090 की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस नंबर पर कॉल करने पर महिला सुरक्षा से जुड़ी टीम तुरंत सहायता के लिए पहुंचती है। कॉलेज में छात्राओं को सुरक्षा के उपाय बताए
इसके बाद कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने राजकीय कॉलेज में छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा के उपाय बताए गए और आपात स्थिति में 1090, 112 तथा 1098 नंबरों के उपयोग की जानकारी दी गई। उन्हें असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने और निर्भीक होकर विरोध करने के लिए प्रेरित किया गया, साथ ही साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। इस अभियान में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की प्रभारी आशा के साथ महिला पुलिसकर्मी भगवती, रश्मि, कुमारी राधा, निरमा, सुमन, सुलेखा और बृजबाला शामिल रहीं। इनके अलावा पुलिस उपनिरीक्षक अमर सिंह, एंटी रोमियो स्क्वॉड प्रभारी रेवेन्द्र सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। महिला सुरक्षा को मिली मजबूती
एएसपी अकलेश कुमार ने बताया कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंटी रोमियो स्क्वॉड की तर्ज पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह यूनिट स्कूटी पर सवार महिला पुलिसकर्मियों के माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों और उन इलाकों में नियमित गश्त करेगी, जहां महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है, ताकि वे खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।


