डीग जिले में कुल 7,75,481 मतदाता हो गए है। इनमें 4,15,597 पुरुष, 3,59,878 महिला और 6 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है। शनिवार को अंतिम मतदाता सूची जारी हुई।
प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम सूची में 17,514 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है, जो 2.31 प्रतिशत वृद्धि दर्शाती है। पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होने से पहले जिले में कुल 7,99,505 मतदाता थे। 16 दिसंबर 2025 को जारी ड्राफ्ट रोल में यह संख्या 7,57,967 थी। यह कमी 41,538 मतदाताओं को मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित या अनुपस्थित (ASD) श्रेणी में चिन्हित करने के कारण हुई। पुनरीक्षण अवधि के दौरान, दावों और आपत्तियों के लिए कुल 23,804 प्रपत्र प्राप्त हुए। इनमें नाम जोड़ने के लिए 19,397 फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए 802 फॉर्म-7 और संशोधन के लिए 3,605 फॉर्म-8 शामिल थे। इन सभी का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा विधिवत निस्तारण किया गया।
मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का पुनर्गठन और सुव्यवस्थीकरण किया गया। इसके परिणामस्वरूप, जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 719 से बढ़कर 861 हो गई है।


