डीग में सीमेंट सप्लाई के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति से 3 लाख 71 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई।
डीग शहर के चौधरी का कटरा निवासी योगेन्द्र कुमार पुत्र रिखवचन्द वैश्य ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अपने निर्माण कार्य के लिए उन्हें बड़ी मात्रा में सीमेंट की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने अपने मित्र यशपाल के मोबाइल नंबर से ऑनलाइन माध्यम से अल्ट्राटेक सीमेंट से सीधे संपर्क किया था। कुछ दिनों बाद यशपाल के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी से संबंधित बताया और आगे ‘सेल्स मैनेजर’ से बात कराने की पेशकश की। इसके बाद 10 फरवरी को एक अन्य नंबर से कॉल आया, जिसमें व्यक्ति ने अपना नाम मनीष दीक्षित बताते हुए खुद को कंपनी का सेल्स मैनेजर बताया और सीमेंट सप्लाई की प्रक्रिया समझाई। लगातार बातचीत के बाद, 12 फरवरी को आरोपी ने योगेन्द्र कुमार से एक बैंक खाते में अग्रिम भुगतान करने को कहा। उसने बताया कि कंपनी की नीति के अनुसार, अग्रिम भुगतान के बिना माल नहीं भेजा जाता। इस पर विश्वास करते हुए योगेन्द्र कुमार ने बताए गए खाते में 3,71,000 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। राशि जमा होने के बाद, न तो सीमेंट तय समय पर भेजी गई और न ही आरोपी ने दोबारा संपर्क किया। संदेह होने पर पीड़ित ने कंपनी के आधिकारिक नंबर पर संपर्क कर जानकारी ली। कंपनी ने बताया कि जिस खाते में पैसे जमा किए गए हैं, वह उनका नहीं है और योगेन्द्र कुमार साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद, जब पीड़ित ने खुद को सेल्स मैनेजर बताने वाले व्यक्ति से संपर्क किया, तो उसे कोई जवाब नहीं मिला और न ही रकम वापस की गई। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों का पता लगाने और उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है।


