डीडवाना-कुचामन जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। इसी क्रम में, मकराना तहसील के रतनास गांव में एक अवैध आरामशीन को चिन्हित कर हटाया गया है। यह कार्रवाई जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत और उप वन संरक्षक के निर्देशन में की गई। रेंज डीडवाना तथा वनमंडल स्तर पर गठित संयुक्त गश्ती दल ने क्षेत्रीय वन अधिकारी, डीडवाना के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर मशीन को निष्क्रिय किया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध आरामशीनों के संचालन से वन संपदा को नुकसान होता है और पर्यावरण संतुलन भी बिगड़ता है। विभाग अवैध कटान, खनिज के अवैध परिवहन और नियम विरुद्ध मशीन संचालन पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिलेभर में ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ निरंतर गश्त और सघन कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे। वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अवैध खनन या मशीन संचालन की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।


