डीडवाना-कुचामन जिला शुक्रवार को भारी राजनीतिक हलचल का केंद्र रहा, जहां प्रदेश और केंद्र के कई बड़े नेता शोक संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचे। भाजपा के वरिष्ठ नेता व समाजसेवी भंवर सिंह पलाड़ा के पिता तथा अजमेर जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा के ससुर स्वर्गीय पिरुसिंह के निधन के पश्चात आयोजित शोक सभा में सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने पलाड़ा पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राज्यमंत्री मंजू बाघमार ने भी दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं साझा कीं। सत्ता और विपक्ष के नेताओं ने एक साथ दी श्रद्धांजलि पलाड़ा में आयोजित इस शोक सभा में वैचारिक मतभेदों से परे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की तमाम प्रमुख हस्तियां एकजुट नजर आईं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत, भाजपा हरियाणा के प्रभारी सतीश पुनिया, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह और किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी सहित अनेक नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनके अलावा सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजोर, विधायक कैलाश वर्मा, अविनाश गहलोत, अजय सिंह किलक और रेवतराम डांगा जैसे जनप्रतिनिधियों ने भी पलाड़ा परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की। धार्मिक जगत से स्वामी अनादि सरस्वती और विहिप के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भी पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपमुख्यमंत्री ने किया ग्राम पंचायत का निरीक्षण और विकास पर की चर्चा शोक सभा में सम्मिलित होने के साथ ही उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने पलाड़ा ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला और कहा कि आगामी बजट पूरी तरह से जनभावनाओं और जनता की मांगों पर आधारित होगा। उन्होंने राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देते हुए दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सड़क निर्माण की गति पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में काफी तेज रही है और आंकड़ों के आधार पर यह अंतर स्पष्ट देखा जा सकता है। डीडवाना में भी पहुंचे केंद्रीय मंत्री शेखावत पलाड़ा जाने से पूर्व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत डीडवाना क्षेत्र के दौरे पर रहे। वे राजस्थान बास्केटबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़ के निवास पर पहुंचे और उनकी धर्मपत्नी सुमन कंवर के निधन पर आयोजित शोक सभा में शिरकत की। शेखावत ने राठौड़ परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। दिनभर जिले में रही इन वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।


