डीडवाना-कुचामन में 6 शोरूम सीज:बिना ट्रेड सर्टिफिकेट के संचालन पर 15 वाहन जब्त

डीडवाना-कुचामन जिले में 6 शोरूम सीज किए गए है और 15 वाहनों को जब्त किया गया है।
जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी सुप्रिया विश्नोई के निर्देश पर परिवहन विभाग ने अवैध रूप से संचालित वाहन डीलर शोरूमों के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई की है। परिवहन निरीक्षक गणपत सिंह रावत और मनोज कुमार शर्मा की संयुक्त टीम ने डीडवाना और कुचामन सिटी क्षेत्रों में बिना ट्रेड सर्टिफिकेट के चल रहे शोरूमों का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई अवैध वाहन विक्रय पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई। जिन शोरूमों पर कार्रवाई हुई उनमें रतन किआ (लाडनू रोड डीडवाना) से 2 वाहन, श्री कृष्ण ऑटो प्रा. लि. (लाडनू रोड डीडवाना) से 2 वाहन, महिंद्रा एंड महिंद्रा (नागौर ऑटोमोबाइल, डीडवाना) से 5 वाहन, श्री मंगलम मोटर्स प्रा. लि. (कुचामन सिटी) से 2 वाहन, दक्ष मोटर्स (टाटा, कुचामन बाईपास रोड) से 2 वाहन और श्री कृष्ण हुंडई (कुचामन सिटी) से 2 वाहन जब्त किए गए। निरीक्षण के दौरान, शोरूम प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद शोरूमों को सीज कर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना वैध ट्रेड सर्टिफिकेट के किसी भी शोरूम का संचालन नहीं किया जाए। परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी बिना अनुमति या अनाधिकृत रूप से वाहन विक्रय करने वाले शोरूम संचालकों के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कदम से डीडवाना-कुचामन क्षेत्र में अवैध वाहन विक्रय पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *