डीडवाना के स्थानीय कायमखानी छात्रावास में अखिल कायमखानी सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। सभा अध्यक्ष कप्तान महबूब खां ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें समाज की एकता को मजबूत करने, शिक्षा के स्तर में सुधार लाने और युवाओं को संगठन से सक्रिय रूप से जोड़ने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। मुराद खां ने ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया, यह कहते हुए कि शिक्षा ही समाज की प्रगति का आधार है। वहीं, अब्दुल हमीद पड़िहार ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने हेतु ‘किताब संग्रह’ अभियान शुरू करने का प्रस्ताव रखा। कमांडर मुराद खां पड़िहार ने कौमी एकता पर विशेष जोर दिया और युवाओं से संगठन की मुख्यधारा में शामिल होने का आह्वान किया। कप्तान रमजान खां पायली और सूबेदार महबूब खां ने समाज की मजबूती के लिए एकजुटता को अनिवार्य बताया और सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
बैठक का संचालन मुंशी खां ने किया। अंत में बुंदु खां मलवान ने अधिक से अधिक युवाओं से संस्था से जुड़कर समाज के विकास को नई दिशा देने की अपील की।


