डीडवाना में स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और राजस्व घाटे को कम करने के उद्देश्य से जलदाय विभाग ने सख्त अभियान शुरू किया है। इसके तहत विभाग के उच्चाधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर जल वितरण व्यवस्था की गहन जांच की। इस विशेष अभियान का नेतृत्व अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल ने किया। उनके साथ अधिशासी अभियंता गिरिराज चौधरी, सहायक अभियंता सुरेंद्र कुमार धोबी और कनिष्ठ अभियंता महिपाल बुडानिया भी मौजूद रहे। टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध जल कनेक्शनों की जांच की और मौके पर ही पानी के सैंपल लेकर गुणवत्ता जांची। ‘पानी की चोरी नहीं होगी बर्दाश्त’
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल ने स्पष्ट किया कि पानी की चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन परिसरों में अवैध जल कनेक्शन पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी प्रकरण भी दर्ज कराया जाएगा। बकाया राशि जमा कराने की दी चेतावनी
राजस्व वसूली को लेकर भी विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। अधिकारियों ने आमजन से लंबित जल बिलों का शीघ्र भुगतान करने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि बकाया राशि जमा न कराने वाले उपभोक्ताओं के जल कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिए जाएंगे। निरीक्षण में यह भी सुनिश्चित किया गया कि आमजन को आपूर्ति किया जा रहा पानी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो। अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरवासियों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए।


