डीडवाना के झलारिया मंदिर बड़ा स्थान में चल रहे ब्रह्मोत्सव के तहत गरुड़ स्तंभ पर गरुड़ प्रतिष्ठा के साथ विधिवत ध्वजारोहण किया गया। मंदिर व्यवस्थापक श्याम सुंदर शर्मा ने यह जानकारी दी। इसके बाद भगवान जानकीनाथ की सवारी सूर्यप्रभा वाहन पर विराजित होकर मंदिर परिक्रमा के लिए निकली। परिक्रमा के दौरान विद्वानों ने स्तोत्र पाठ एवं मंगल पाठ किया, वहीं कलाकारों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद भगवान को मुख्य स्थान पर विराजित किया गया और सैकड़ों श्रद्धालुओं को गोष्ठी प्रसाद वितरित किया गया। बाद में भगवान श्री हनुमान वाहन पर विराजित होकर पुनः मंदिर परिक्रमा के लिए निकले। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन का लाभ प्राप्त किया। भगवान के पुनः मंदिर में विराजित होने के बाद भक्तों में गोष्ठी प्रसाद का वितरण किया गया। ब्रह्मोत्सव के तहत आयोजित इन धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर में विशेष वातावरण निर्मित हुआ।


