राजस्थान पटवार संघ के नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र निमीवाल का डीडवाना में आगमन हुआ। इस अवसर पर डीडवाना-कुचामन जिला इकाई ने जिला अध्यक्ष पवन मुन्दलिया और जिला महामंत्री मनीष बेनीवाल के नेतृत्व में उनका स्वागत और अभिनंदन किया। उन्हें माला व साफा पहनाया गया। स्वागत समारोह के दौरान पटवारियों में उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने नारों के साथ प्रदेशाध्यक्ष का अभिनंदन किया। इस दौरान जीत की खुशी और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई। इस अवसर पर उपस्थित पटवारियों को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष निमीवाल ने कहा कि प्रदेश के पटवारियों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने सरकार को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अब पटवारियों का नेतृत्व मजबूत हाथों में है। उन्होंने वेतन विसंगति, पदोन्नति कोटा बढ़ाने, कैडर पुनर्गठन और डीपीसी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सक्षम स्तर पर ठोस पैरवी करने की बात कही। निमीवाल ने वर्तमान में फील्ड स्तर पर आ रही समस्याओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कैंपों के नाम पर टारगेट देकर पटवारियों पर बनाया जा रहा अनावश्यक मानसिक दबाव स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वार्ता से समाधान नहीं निकला तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटेगा।
जिला अध्यक्ष पवन मुन्दलिया और जिला महामंत्री मनीष बेनीवाल ने प्रदेशाध्यक्ष को विश्वास दिलाया कि डीडवाना-कुचामन की पूरी इकाई प्रदेश नेतृत्व के हर आह्वान पर कंधे से कंधा मिलाकर साथ देगी। कार्यक्रम में जिले के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे।


