राजस्थान बास्केटबॉल संघ (RBA) की प्रदेश स्तरीय साधारण सभा डीडवाना के नगर परिषद सभागार में आयोजित हुई। इस बैठक में आगामी 22 मार्च को उदयपुर में होने वाले संघ के चुनाव की रूपरेखा तय की गई। सभा में प्रदेशभर से जिला अध्यक्ष और सचिव शामिल हुए। नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि संघ के अध्यक्ष, सचिव सहित नई कार्यकारिणी का चुनाव 22 मार्च को उदयपुर में होगा। ये चुनाव हर 4 साल में आयोजित किए जाते हैं। प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह शेखावत ने उम्मीद जताई कि इस बार भी सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह शेखावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान बास्केटबॉल भारतीय खेल परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण स्थान बना चुका है। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने राज्य का नाम राष्ट्रीय और एशियाई स्तर तक पहुंचाया है। उन्होंने इस उपलब्धि को सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के समर्पण का परिणाम बताया। आरबीए के एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ ने संगठन की पहचान टीम भावना, आपसी सम्मान और सहयोग से बनने की बात कही। वहीं, चेयरमैन विक्रम सिंह शेखावत ने बताया कि यह साधारण सभा आगामी कार्यकारिणी चुनाव को ध्यान में रखते हुए आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से पदाधिकारियों की उपस्थिति संगठन की मजबूती दर्शाती है।
सभा के दौरान राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को भारतीय बास्केटबॉल संघ (बीएफआई) की ओर से प्रदान की गई इनामी राशि के चेक भी वितरित किए गए। इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खेल अधिकारी, राष्ट्रीय प्रशिक्षक और जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।


