डीलरशिप के नाम पर 58 लाख की ठगी, मामला दर्ज

रांची | कपड़ा व्यवसायी नेहा सिन्हा ने कारोबारी सुजीत कुमार डे के विरुद्ध डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर 58 लाख की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए अरगोड़ा थाना में केस दर्ज कराया है। दर्ज केस के अनुसार, आरोपी ने खुद को कई कंपनियों का डीलर बताया। शुरुआत में मुनाफा भी दिया। फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश कराया और फरार हो गया। नेहा सिन्हा ने बताया कि डेढ़ साल पहले सुजीत कुमार डे ग्राहक बनकर दुकान पर आया था। उसने फूड सर्टिफिकेट और ट्रेड लाइसेंस भी दिखाया। धीरे-धीरे कारोबार बढ़ा। 6 दिसंबर 2024 को सुजीत ने बताया कि उसे पूरे रांची के लिए एक उत्पाद की डिस्ट्रीब्यूटरशिप मिलने वाली है। इसके लिए 3 लाख रुपए मांगे। नेहा ने शर्त रखी कि वह पूंजी लगाएंगी, लेकिन सुजीत को पार्टनर बनाना होगा। मुनाफा आधा-आधा बंटेगा। सुजीत ने शर्त मान ली। इसके बाद नेहा ने 20 लाख का एग्रीमेंट किया। कुछ चेक भी दिए। फिर अपने व्यापार से पैसे निकाल कर देती रहीं। रिश्तेदारों से ब्याज पर उधार लेकर भी रकम दी। कुल निवेश 95 लाख रुपए तक पहुंच गया। जब नेहा ने मुनाफा मांगा तो सुजीत टालमटोल करने लगा। नेहा पति के साथ उसके गोदाम पहुंचीं। घर बंद मिला। फोन बंद थे। नेहा ने बताया कि सुजीत ने फर्जी दस्तावेज और झूठे वादों से 58 लाख रुपए की ठगी की। बाकी रकम मुनाफे के रूप में थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *