डीसी ने मतपेटियों की सीलिंग और लॉकिंग व्यवस्था की जांच की, सतर्कता के निर्देश

नगर निकाय चुनाव के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कि​या। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान कर्मियों के बैठने की व्यवस्था, काउंटरवार निर्वाचन सामग्री वितरण, मतपेटियों एवं अन्य सामग्रियों के सुरक्षित रख-रखाव, वाहन प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मतपेटियों की सीलिंग एवं लॉकिंग व्यवस्था की स्वयं जांच कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतपेटी की लॉक प्रणाली पूर्णतः सुरक्षित और त्रुटिरहित हो। उपायुक्त ने राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध और मानक प्रावधानों के तहत सुनिश्चित करने पर जोर दिया। 22 को मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए 22 फरवरी को रवाना किया जाएगा। रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र के लिए गठित पोलिंग पार्टियों को चरणबद्ध तरीके से भेजा जाएगा। डिस्पैच प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने के लिए काउंटरवार टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी को मतदान सामग्री का विधिवत मिलान कर हस्तांतरण सुनिश्चित कराया जाएगा। सेक्टर पदाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी एवं संबंधित कोषांगों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *