डूंगरपुर में शहर के विकास को गति देने के उद्देश्य से नगर परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 74 करोड़ 71 लाख रुपए के बजट का अनुमोदन कर राज्य सरकार को स्वीकृति के लिए भेज दिया है।
यह बजट पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के मुकाबले 13 करोड़ 85 लाख रुपए ज्यादा है। परिषद की ओर से वर्ष 2025-26 का संशोधित बजट 60 करोड़ 86 लाख रुपए का बनाकर भी सरकार को भेजा गया है। नगर परिषद के बजट में लगातार हो रही बढ़ोतरी शहर के विकास कार्यों में तेजी आएगी। वर्ष 2024-25 में परिषद का बजट 42 करोड़ 34 लाख रुपए था। ये 2 साल में बढ़कर 74 करोड़ 71 लाख रुपए तक पहुंच गया है। इस तरह 2 साल में नगर परिषद का बजट 28 करोड़ रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर
नगर परिषद आयुक्त प्रकाश डूडी ने बताया कि प्रस्तावित 74 करोड़ 71 लाख रुपए के बजट में शहर के नगरीय क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। इसमें सड़कों के निर्माण व मरम्मत, नालों के विकास, साफ-सफाई व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के विस्तार, पेयजल व जल निकासी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा शहर में नए विकास प्रोजेक्ट भी प्रस्तावित है। जिनमें सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक स्थलों के विकास और लोगो की सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्य शामिल हैं। परिषद ने नगर क्षेत्र में सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नए वाहनों की खरीद की भी योजना बनाई है, जिससे कचरा संग्रहण और अन्य नगरीय सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकें।
नगर परिषद का मानना है कि बजट में की गई इस बढ़ोतरी से शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और डूंगरपुर को सुव्यवस्थित व विकसित नगर के रूप में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। अब बजट पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार की स्वीकृति के बाद लिया जाएगा।


