डूंगरपुर में एक्सीडेंट में पिता की मौत, बेटा घायल:बिना नंबर के तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, हादसे के बाद ड्राइवर फरार

दोवड़ा थाना क्षेत्र में रामसौर तालाब के आगे मेन रोड पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 13 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से जा रहे थे और ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। घायल बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोवड़ा थाना पुलिस के अनुसार खलील निवासी राजू मीणा (35) अपने पुत्र निलेश मीणा के साथ मोटरसाइकिल लेकर बनकोड़ा से वापस अपने घर लौट रहा था। राजू मीणा अपनी साइड में धीमी गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे बिना नंबर के तेज रफ्तार नए ट्रैक्टर के ड्राइवर ने गलत साइड में आकर जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े और उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को जिला अस्पताल डूंगरपुर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राजू मीणा को मृत घोषित कर दिया। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल निलेश मीणा का अस्पताल में इलाज जारी है। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक्टर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *