डूंगरपुर शहर के तीजवड़ रोड पर शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। एक बाइक के फिसलकर ऑटो से टकराने के बाद ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। घायलों में 7 महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना तीजवड़ मोड़ के पास हुई। डूंगरपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर फिसल गई और सीधे एक ओवरलोड ऑटो से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। ऑटो में सवार सभी लोग लोलकपुर गांव के एक ही परिवार के सदस्य थे। वे माडवा खापरड़ा गांव में एक रिश्तेदार के लोकाचार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। घायलों में मीरा रोत, बबली रोत, दुर्गा रोत, निर्मला रोत, प्रभुलाल पुत्र रामजी रोत, नाना पुत्र भैरा रोत, कांति पत्नी नारायण रोत, शांता पत्नी अर्जुन रोत और ललिता पत्नी कना रोत शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस के पायलट देवीलाल ननोमा और ईएमटी ताराचंद भोई मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को डूंगरपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।


