डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में कंजड़ी घाटा के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। दोवड़ा थाने के सब इंस्पेक्टर लाल सिंह ने बताया कि गड़ा सिगालिया निवासी प्रभुलाल रोत ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार नवीन रोत (32) अपनी बाइक से पूनाली से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान डूंगरपुर की ओर से आ रही एक कार के ड्राइवर ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए रॉन्ग साइड में आकर नवीन की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवीन सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार ड्राइवर ने भागने की कोशिश में सड़क किनारे खड़े एक बैल को भी टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया। परिजनों को सूचित करने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया और उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक नवीन रोत बैंक बीसी और ई-मित्र का काम करता था।


