डूंगरपुर में दिनदहाड़े मर्डर का खुलासा:फरार आरोपी को अहमदाबाद में दबोचा, पूछताछ में कबूली हत्या

डूंगरपुर में सदर थाना पुलिस ने देवल खास के मनात फला में दिनदहाड़े हुई वृद्ध की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी को अहमदाबाद (गुजरात) से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 फरवरी को मनात फला, देवल में एक वृद्ध का शव घर के आंगन में संदिग्ध अवस्था में पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि घर में अकेले रह रहे वृद्ध की हत्या की गई थी। मृतक के पुत्र धुला (32) निवासी मनात फला देवल खास ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 6 फरवरी को सुबह करीब 8 बजे वह मजदूरी के लिए निकला था। उस समय उसके पिता शंकर और शांतिलाल पुत्र शंकर कोटेड (निवासी बटका फला पालदेवल) आपस में बातचीत कर रहे थे। शाम करीब 5:30 बजे धुला को सूचना मिली कि उसके पिता खाट पर पड़े हैं और बोल नहीं रहे हैं। मौके पर पहुंचकर उसने देखा कि पिता निर्माणाधीन कच्चे कमरे के बाहर खाट पर सीधे पड़े थे। उनके सिर, गले और सीने पर चोट के निशान थे, और सिर व गले पर खून लगा हुआ था। इस रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई। बुजुर्ग की दिनदहाड़े हुई हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष कुमार ने मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच के दौरान शांतिलाल घटना के दिन से ही फरार पाया गया। पुलिस टीम ने उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी और अहमदाबाद पहुंची। मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी शांतिलाल को अहमदाबाद से हिरासत में लिया गया और डूंगरपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपी शांतिलाल ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *