डूंगरपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के बालाडिट गांव के पास एक कार बेकाबू होकर पलट गई। इस दुर्घटना में कार ड्राइवर सहित दो महिलाएं और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोकरवाड़ा निवासी हतोक पत्नी रूपसी भाई पटेल, रूपसी पिता देवा पटेल, माया पत्नी दिनेश पटेल और रेहान पिता हार्दिक पटेल के रूप में हुई है। ये सभी सोमवार शाम बोरी गांव से अपने घर मोकरवाड़ा लौट रहे थे, तभी बालाडिट गांव के पास यह हादसा हुआ।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज किया। डाॅक्टरों के अनुसार, हतोक और रूपसी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।


