डूंगरपुर में बेकाबू ट्रक घर में घुसा:पूर्व पार्षद के मकान की दीवार-पिलर ढहे, चपेट में आने से 1 महिला घायल

डूंगरपुर की शास्त्री कॉलोनी में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बजरी से भरा एक ओवरलोड ट्रक पूर्व पार्षद नीलम श्रीमाल के मकान में घुस गया। इस हादसे में घर की दीवार और पिलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं सड़क से गुजर रही एक महिला भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गई। बुधवार सुबह कॉलोनी की ढलान पर चढ़ते समय बजरी से भरा ट्रक अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा। ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पूरी रफ्तार के साथ मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मौके पर जमा हो गए।
ट्रक का पिछला हिस्सा घर में घुसने से बाउंड्री वॉल और मुख्य पिलर ढह गए। गनीमत रही कि ट्रक घर के अंदरूनी कमरों तक नहीं पहुंचा, वरना जनहानि हो सकती थी। इस दौरान सड़क से गुजर रही एक महिला भी ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे वह घायल हो गई है। घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थिति को बिगड़ता देख ट्रक चालक और उसका सहयोगी (खलासी) मौके से फरार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *