डूंगरपुर के दोवडा थाना क्षेत्र में चितरेटी घाटी के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बोलेरो और बाइक की टक्कर में युवती सहित दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। दोवडा थाना पुलिस के अनुसार, गड़ा मालजी निवासी बाबूलाल कटारा ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सुनील कटारा (22) अपने दोस्त साहिल और युवती ट्विंकल के साथ बाइक पर पुनाली से लौट रहा था। चितरेटी घाटी के पास पहुंचने पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जनरल हॉस्पिटल डूंगरपुर ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सुनील कटारा को मृत घोषित कर दिया। साहिल और ट्विंकल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद सुनील का शव परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।


