डूंगरपुर जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र के शेकारी गांव में एक युवक की पानी से भरे नाले में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने खेतों में पानी देने गया था, तभी पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान शेकारी गांव निवासी भवन बंजारा के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब भवन अपने घर से खेतों की ओर जा रहा था। खेतों के पास वात्रक नदी का एक नाला बहता है, जिसमें करीब 15 से 20 फीट पानी भरा हुआ था। अचानक भवन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी वाले नाले में गिर गया। डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को सीमलवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया और परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


