डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र के देवली गांव में शुक्रवार को एक युवक ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान संजय परमार के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले ही गुजरात से लौटा था। दोवड़ा थाने के एएसआई सुशील दशोरा ने बताया कि संजय गुजरात में मजदूरी करता था और एक सप्ताह पहले ही घर आया था। संजय परिवार के दूसरे घर में था। उसका छोटा भाई गोपाल दामड़ी गया हुआ था। गोपाल जब वापस लौटा तो उसने देखा कि संजय फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे फंदे से उतारा। फिर जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दोवड़ा थाने के एएसआई सुशील दशोरा के अनुसार मृतक के पिता लक्ष्मण परमार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।