सदर थाना क्षेत्र के गुमानपुरा गांव में एक शादी समारोह के दौरान युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। गुमानपुरा निवासी सुनील पुत्र रमेश कोटेड अपने चचेरे भाई सोहन पुत्र रमेश कोटेड, दीपक और अपनी मां मनीषा के साथ घर के पास एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान शादी में मौजूद कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। हमलावर युवकों ने तीनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी और इसी दौरान सुनील पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई सोहन, दीपक और मां मनीषा को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन और अन्य लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल सुनील को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में सुनील को सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


