डूंगरपुर जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक राहगीर की मौत हो गई। गुरुवार सुबह कोवाडिया फला की कनिपा बस्ती के पास सड़क किनारे उसका शव मिला। पुलिस ने मृतक की पहचान कोवाडिया फला निवासी रतनलाल डामोर के रूप में की है। धम्बोला थाने के एएसआई नेपाल सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि कनिपा बस्ती के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से अज्ञात वाहन की आगे की लाइट के टुकड़े भी बरामद हुए हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रतनलाल बीती रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने शव को मौके से उठवाकर सीमलवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन ड्राइवर की तलाश जारी है।


