डूंगरपुर में 2.1 करोड़ की शराब पकड़ी:पीवीसी पाउडर की आड़ में हो रही थी तस्करी, गुजरात जा रहा कंटेनर जब्त

डूंगरपुर की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर एक कंटेनर से 2 करोड़ 10 लाख रुपए की शराब जब्त की है। पीवीसी पाउडर की आड में पंजाब और चंडीगढ़ में बनी शराब की राजस्थान सीमा पार कर 800 किमी दूर गुजरात में तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने ट्रेलर के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। बिछीवाड़ा थाने के सीआई कैलाश सोनी ने बताया कि मुखबिर के जरिए अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी की। इस पर कॉन्स्टेबल जोगेंद्र सिंह समेत पुलिस टीम ने उदयपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रेलर की रुकवाया। 1861 कार्टन अवैध शराब जब्त
ड्राइवर रघुनाथ गुर्जर (27) निवासी सीतारामपुरा थाना नरैना जिला जयपुर ने ट्रेलर में पीवीसी पाउडर भरा होना बताया। लेकिन मुखबिर की सूचना पुख्ता होने से पुलिस ने ट्रेलर से तिरपाल हटाकर तलाशी ली। ट्रेलर पंजाब ओर चंडीगढ़ निर्मित शराब के कार्टन भरे हुए मिले। शराब परिवहन के कोई कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया।
ट्रेलर से शराब को उतार गिनती करवाई गई। जिसमें 1861 कार्टन अवैध शराब जब्त की है। जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। डूंगरपुर जिले में पहली बार शराब की इतनी बड़ी खेप पकड़ी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *